डीएम ने मनरेगा से निर्मित तालाबों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई के दिए कड़े निर्देश

डीएम ने मनरेगा से निर्मित तालाबों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई के दिए कड़े निर्देश

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मंगलवार को नाथनगर विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना के तहत निर्मित तालाबों एवं अमृत सरोवरों का स्थलीय निरीक्षण कर उनके रखरखाव, स्वच्छता एवं उपयोगिता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, खंड विकास अधिकारी नाथनगर, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, तकनीकी सहायक, अवर अभियंता (भूमि संरक्षण) सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

निरीक्षण की शुरुआत ग्राम पंचायत मोलनापुर से हुई, जहां मनरेगा के अंतर्गत निर्मित अमृत सरोवर एवं समीप स्थित तालाब का अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने तालाबों की नियमित साफ-सफाई, जल संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इन जलाशयों का संरक्षण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने ऊनबिलाई, देवकली खुर्द एवं गोंदौरा ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2020-21 एवं उससे पूर्व निर्मित तालाबों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोंदौरा स्थित अमृत सरोवर में जलकुंभी मिलने पर उन्होंने ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं ऊनबिलाई के अमृत सरोवर में फैले कमलगट्टे, झाड़ियों एवं अन्य अवांछित वनस्पतियों को हटाकर तालाब की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत निर्मित तालाब एवं अमृत सरोवर जल संरक्षण, भू-जल स्तर में वृद्धि तथा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसलिए इनकी नियमित साफ-सफाई, रखरखाव एवं संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

Previous articleसावन मेले की तैयारियों का डीआईजी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here