महिला उत्पीड़न मामलों की समीक्षा को संतकबीरनगर पहुंचीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष
जनसुनवाई में 10 मामलों की सुनवाई, अस्पताल का निरीक्षण कर कन्या जन्मोत्सव में हुईं शामिल
संतकबीरनगर।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को संतकबीरनगर पहुंचकर महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा एवं महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने निरीक्षण भवन में आयोजित जनसुनवाई में पीड़ित महिलाओं की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान समाज कल्याण, राजस्व, महिला कल्याण एवं पुलिस विभाग से जुड़े कुल 10 प्रकरण सामने आए। आयोग अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए तथा महिला कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
इससे पूर्व डॉ. बबीता सिंह चौहान ने तामेश्वर स्थित शिव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद संयुक्त जिला चिकित्सालय के महिला विंग पहुंचकर कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने नवजात 20 कन्याओं का जन्मोत्सव केक काटकर मनाया तथा उनकी माताओं को फल, मिठाई, बेबी किट और वस्त्र भेंट किए। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सभी माताओं को आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे भी वितरित किए।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय सेवाओं एवं मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्हें किसी प्रकार की विशेष अनियमितता नहीं मिली।
निरीक्षण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक एवं प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) के अंतर्गत दो बच्चों को लैपटॉप भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी बृजेश कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















