डीएम की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण, पर्यावरण एवं गंगा समिति की बैठक
जियो टैगिंग, पौधों के संरक्षण और शत-प्रतिशत सर्वाइवल पर डीएम का विशेष जोर
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई। बैठक में वृक्षारोपण महाअभियान की प्रगति, पौधों के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा तथा गंगा संरक्षण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत लगाए गए प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाए, ताकि पौधों की वास्तविक स्थिति की प्रभावी निगरानी की जा सके। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनका संरक्षण, संवर्धन और दीर्घकालिक रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर पौधारोपण किया गया है, वहां नियमित सिंचाई, सुरक्षा, साफ-सफाई और रखरखाव की समुचित व्यवस्था की जाए। प्रत्येक विभाग समय-समय पर अपने लगाए गए पौधों की समीक्षा करे और उनके जीवित रहने की स्थिति पर विशेष निगरानी रखे।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन पौधों का सर्वाइवल नहीं हो पाया है, उन्हें तत्काल नए पौधों से प्रतिस्थापित किया जाए, ताकि अभियान का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा हो सके। साथ ही पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यक ट्री गार्ड और अन्य संरक्षण उपाय भी सुनिश्चित किए जाएं।
बैठक में जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और पर्यावरण संरक्षण के अभियानों को जनआंदोलन का स्वरूप दें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, डीएफओ प्रखर मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपजिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रमोद सिंह, उपनिदेशक कृषि हिमांशु पांडेय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















