शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी व एसएसपी ने किया पैदल मार्च संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा, व्यापारियों व आमजन से संवाद कर दिलाया सुरक्षा का भरोसा

शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी व एसएसपी ने किया पैदल मार्च

संवेदनशील क्षेत्रों का लिया जायजा, व्यापारियों व आमजन से संवाद कर दिलाया सुरक्षा का भरोसा

 गोरखपुर।

जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चनप्पा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने सोमवार को नगर क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील इलाकों में सघन पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।

पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों, राहगीरों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

डीआईजी एवं एसएसपी ने गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया कि वे पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित पैदल गश्त और प्रभावी पुलिसिंग बेहद आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की उपस्थिति, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की निगरानी बढ़ाने तथा त्योहारों एवं विशेष अवसरों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए लगातार अभियान जारी रहेगा।

Previous articleदिल के पास धंसा चाकू, छह गंभीर वार… डॉक्टरों ने बचाई 24 वर्षीय युवक की जान
Next articleमल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्थाओं पर निगम सख्त, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here