शाही ग्लोबल हॉस्पिटल ने सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
गोरखपुर। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सम्मानपूर्ण जीवन को समर्पित पहल के तहत शाही ग्लोबल हॉस्पिटल, तारामंडल द्वारा गोरखपुर क्लब के सामने एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के निकट स्थित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
सीनियर सिटीजन केयर सेंटर, गोरखपुर नगर निगम द्वारा संचालित एक आधुनिक सुविधा-संपन्न केंद्र है, जहां प्रतिदिन वरिष्ठ नागरिक दिनभर योग, भजन-कीर्तन, पुस्तकालय, कैरम, टेबल टेनिस और अन्य मनोरंजक गतिविधियों में समय व्यतीत करते हैं। यह केंद्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं कल्याण की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
स्वास्थ्य शिविर में शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया। साथ ही उम्र से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. शिव शंकर शाही ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने अनुभव, ज्ञान और सेवा से देश व समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे लोगों की सेवा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने घोषणा की कि कोई भी वरिष्ठ नागरिक शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में बिना पूर्व अपॉइंटमेंट और बिना किसी परामर्श शुल्क के सीधे विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले सकता है। आवश्यकता पड़ने पर उपचार में भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. सीमा शाही, वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बाल गोविंद सिंह, डीएम कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजू केथावत, डीएम न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. त्र्यम्बक पांडेय, वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सौरव सिंह सहित शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के चिकित्सक, तकनीशियन एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिविर वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक सरोकार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।















