सम्भव दिवस में नगर आयुक्त अजय जैन ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

सम्भव दिवस में नगर आयुक्त अजय जैन ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

गोरखपुर। नगर निगम में आयोजित साप्ताहिक “सम्भव दिवस” में मंगलवार को बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। नगर आयुक्त अजय जैन ने स्वयं जनसुनवाई करते हुए लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में मुख्य अभियंता, सभी जोनल अधिकारी, महाप्रबंधक (जलकल), मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी के कारण कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सम्भव दिवस में सबसे अधिक शिकायतें गृहकर (हाउस टैक्स), सड़क निर्माण एवं मरम्मत, अतिक्रमण, पेयजल आपूर्ति, सीवर व नाली सफाई, स्ट्रीट लाइट खराब होने, जलभराव तथा कूड़ा उठान में अनियमितता से संबंधित रहीं। नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं से नगर आयुक्त को अवगत कराया।

नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि “सम्भव दिवस” का उद्देश्य नागरिकों को एक ऐसा प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी परेशानी के अपनी शिकायत सीधे नगर निगम प्रशासन के समक्ष रख सकें और उनका शीघ्र समाधान प्राप्त कर सकें।

जनसुनवाई के अंत में नगर आयुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और नगर निगम के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हो।

Previous articleनमस्ते दिवस पर सम्मानित हुए सफाई मित्र, नगर निगम गोरखपुर को मिला देश में तीसरा स्थान
Next articleB.Sc. छात्र निकला साइबर ठगी गैंग का मास्टरमाइंड, 10% कमीशन पर खुलवाए सैकड़ों बैंक खाते

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here