निर्यात से देश की अर्थव्यवस्था को मिल रही नई रफ्तार
गोरखपुर में निर्यात जागरूकता सम्मेलन, 60 से अधिक उद्यमियों और निर्यातकों ने लिया भाग
गोरखपुर। वैश्विक बाजार में भारत की बढ़ती साख और निर्यात क्षमता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से गोरखपुर में आयोजित निर्यात जागरूकता सम्मेलन में विशेषज्ञों ने निर्यात को देश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बताया। उन्होंने कहा कि निर्यात में लगातार हो रही वृद्धि से देश को विदेशी मुद्रा अर्जित हो रही है, उद्योगों का विस्तार हो रहा है और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और गोरखपुर जैसे उभरते औद्योगिक क्षेत्र इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और विशेषज्ञों ने उद्यमियों को निर्यात की संभावनाओं, वैश्विक बाजार की मांग, गुणवत्ता मानकों, सरकारी योजनाओं और निर्यात प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
एडीएम सिटी गजेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए उद्यमियों को उपलब्ध योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।
सहायक महानिदेशक विदेश व्यापार (आईटीएस) राजन जोशी ने कहा कि भारत का निर्यात लगातार बढ़ रहा है और इसमें एमएसएमई क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उद्यमियों से गुणवत्ता, पैकेजिंग और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त उद्योग उज्जवल सिंह ने कहा कि सरकार छोटे और मध्यम उद्यमियों को निर्यात के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता के माध्यम से स्थानीय उद्योग वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं।
फियो के सहायक निदेशक आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में अनेक ऐसे उत्पाद हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी मांग है। यदि उद्यमी निर्यात की प्रक्रिया को समझकर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ें तो क्षेत्र का निर्यात कई गुना बढ़ सकता है।
सम्मेलन में एमएसएमई-डीएफओ के सहायक निदेशक नीरज कुमार, ईसीजीसी लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर मुरलीधर महतो, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष आर.एन. सिंह, चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष प्रवीण मोदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिले के 60 से अधिक उद्यमियों और निर्यातकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें निर्यात प्रक्रिया, सरकारी सहायता और वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के सम्मेलन नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।
अंत में सहायक निदेशक फियो आलोक श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, उद्यमियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस तरह के प्रयासों से गोरखपुर क्षेत्र का निर्यात और औद्योगिक विकास नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।















