वामा सारथी की पहल: पुलिस लाइन बस्ती में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, पुलिसकर्मियों और परिवारों को मिला स्वास्थ्य लाभ होम्योपैथी, एलोपैथी और वेलनेस जांच के जरिए सैकड़ों पुलिसकर्मियों को मिला परामर्श व दवा वितरण

वामा सारथी की पहल: पुलिस लाइन बस्ती में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, पुलिसकर्मियों और परिवारों को मिला स्वास्थ्य लाभ

होम्योपैथी, एलोपैथी और वेलनेस जांच के जरिए सैकड़ों पुलिसकर्मियों को मिला परामर्श व दवा वितरण

बस्ती। पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) की अध्यक्षा एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती की पत्नी के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

शिविर का आयोजन क्षेत्राधिकारी लाइन कुलदीप सिंह यादव के मार्गदर्शन तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन एवं वामा सारथी प्रभारी सुभाष प्रजापति की उपस्थिति में किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश ने भी महत्वपूर्ण सहभागिता निभाई।

शिविर में पुलिसकर्मियों की व्यस्त दिनचर्या, तनावपूर्ण कार्यशैली और अनियमित जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। होम्योपैथी चिकित्सा शिविर में अनुभवी चिकित्सकों ने प्राकृतिक और बिना दुष्प्रभाव वाले उपचार के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। वहीं एलोपैथिक चिकित्सा शिविर में चिकित्सकों द्वारा शुगर, ब्लड प्रेशर, सामान्य रोगों सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं।

इसके साथ ही आयोजित वामा वेलनेस कैंप में तनाव, सर्दी-जुकाम, जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग, पाचन संबंधी समस्याओं तथा अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं पर विशेष परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद प्रतिभागियों को आवश्यक एलोपैथिक एवं होम्योपैथिक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं। जलने, कटने तथा अन्य सामान्य रोगों से संबंधित दवाओं का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वामा सारथी संगठन की ओर से कहा गया कि पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और जागरूकता को लेकर संगठन निरंतर सक्रिय है। पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम तथा चिकित्सा दल के सहयोग से कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। संगठन ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Previous articleखेल मैदान में चमके पुलिस के सितारे, एसपी ने आठ खिलाड़ियों को किया सम्मानित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here