मुख्यमंत्री योगी ने बाबा बैजूनाथ धाम से दी 475 करोड़ की 139 विकास परियोजनाओं की सौगात
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को धनघटा तहसील स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा बैजूनाथ धाम की पावन धरती से जनपदवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने संतकबीरनगर की धनघटा विधानसभा तथा गोरखपुर जनपद की खजनी विधानसभा क्षेत्र के लिए 475 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 139 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब जनता गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में कार्य करने वाली सरकार चुनती है, तब विकास को नई दिशा और गति मिलती है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास, विरासत और सुशासन का प्रतीक बन चुका है और प्रदेश तेजी से देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा बैजूनाथ धाम में विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और उन्हें स्नेह व आशीर्वाद भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा तामेश्वरनाथ धाम को कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पहचान के लिए संघर्ष कर रहा उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेस-वे, हाईवे, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधुनिक आधारभूत संरचनाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, गीडा के विस्तार और औद्योगिक विकास के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। नया उत्तर प्रदेश सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद जगदंबिका पाल, विधायक गणेश चंद्र चौहान, विधायक राम चौहान, विधायक अंकुर राज तिवारी, विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह एवं सुभाष यदुवंशी, पूर्व विधायक जय चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों में मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, डीआईजी बस्ती रेंज संजीव त्यागी, जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मुख्यमंत्री को एक जनपद-एक उत्पाद योजना के अंतर्गत बखिरा पीतल उद्योग से निर्मित श्रीराम दरबार की आकर्षक प्रतिमा स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की।
मुख्यमंत्री के आगमन और विकास परियोजनाओं की घोषणा से क्षेत्रीय जनता में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, लाभार्थी एवं आमजन कार्यक्रम में मौजूद रहे।















