योग दिवस से पहले जिला अस्पताल में चला स्वच्छता अभियान, सीएमएस ने खुद संभाली कमान
संतकबीरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पूर्व जिला अस्पताल संतकबीरनगर में स्वच्छता अभियान पखवाड़ा के अंतर्गत अस्पताल परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. राम शंकर सिंह स्वयं समस्त चिकित्सकों और अस्पताल स्टाफ के साथ अभियान में शामिल हुए और परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान सीएमएस डॉ. राम शंकर सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सोच और जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जिस प्रकार लोग अपने घर को साफ और स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार सार्वजनिक स्थानों और अस्पताल परिसर को भी स्वच्छ बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। अधिकतर बीमारियां संक्रमण के कारण फैलती हैं और साफ-सफाई से कई प्रकार की बीमारियों से बचाव संभव है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए यह संकल्प लिया कि वे अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार जागरूक रहेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
सीएमएस डॉ. राम शंकर सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल को स्वच्छ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनाने की दिशा में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।















