नगर आयुक्त अजय जैन ने चरगावां गारबेज ट्रांसफर स्टेशन और सीएंडडी वेस्ट सेंटर का किया निरीक्षण
कचरा प्रबंधन को तकनीक से जोड़ने पर जोर, मशीनों की सुरक्षा और गुणवत्ता जांच के दिए निर्देश
गोरखपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त अजय जैन ने शनिवार को चरगावां स्थित गारबेज ट्रांसफर स्टेशन और महेसरा स्थित कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
चरगावां स्थित गारबेज ट्रांसफर स्टेशन के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी कचरा वाहनों में अनिवार्य रूप से आरएफआईडी (RFID) टैग लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की आवाजाही और कचरे के परिवहन की सटीक निगरानी की जा सके। साथ ही उन्होंने परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए, जिससे वाहनों के वजन और उनमें लदे कचरे की मात्रा पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और कचरा प्रबंधन प्रणाली तकनीकी रूप से और मजबूत होगी।
इसके बाद नगर आयुक्त ने महेसरा स्थित सीएंडडी वेस्ट सेंटर का निरीक्षण किया, जहां निर्माण एवं ध्वस्तीकरण अपशिष्ट से इंटरलॉकिंग टाइल्स और बेंच तैयार किए जा रहे हैं। इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने तैयार सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए टाइल्स का स्ट्रेंथ टेस्ट कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मशीनों पर शेड न होने को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने तत्काल शेड निर्माण और नियमित सर्विसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर में पाथवे, पौधरोपण और गार्डन विकसित करने के भी निर्देश दिए, ताकि यह केंद्र पर्यावरण अनुकूल और सुव्यवस्थित स्वरूप प्राप्त कर सके।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता और कचरा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाएगा।















