तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, तीन घटनाओं का खुलासा
महिलाओं को झांसा देकर जेवर और नकदी हड़पते थे शातिर, मंगलसूत्र समेत नकदी बरामद
संतकबीरनगर। थाना मेंहदावल पुलिस ने तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर 14 हजार रुपये नकद, एक मंगलसूत्र और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदमन सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अरविन्द कुमार, विकास और विनोद वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को प्रेमा स्कूल के पश्चिम कांटे मोड़ स्थित एक बाग से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध थाना मेंहदावल, बेलहरकला और कोतवाली खलीलाबाद में दर्ज तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की जा रही थी। जांच के दौरान सामने आया कि 10 जून 2026 को ग्राम मधईपुर में एक महिला को तंत्र-मंत्र के जरिए समस्या दूर करने का झांसा देकर उसका मंगलसूत्र और नकदी ठग ली गई थी। इसके अलावा 20 फरवरी को बेलहरकला क्षेत्र के भगौसा गांव में सेंधमारी कर आभूषण चोरी किए गए थे, जबकि 15 फरवरी को गौसपुर गोरखल में सोना साफ करने के बहाने महिलाओं के जेवर हड़प लिए गए थे।
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने इन घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर ठगी गई महिला का मंगलसूत्र तथा अन्य मामलों से संबंधित नकदी बरामद कर ली है।
पुलिस ने मामले में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक आशुतोष मणि त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।















