उप निदेशक पंचायत राज हिमांशु ठाकुर ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा की, समयबद्ध प्रगति के दिए निर्देश
स्वच्छता, पंचायत भवन, डिजिटल लाइब्रेरी और परिवार रजिस्टर डिजिटाइजेशन सहित विभिन्न योजनाओं पर हुई विस्तृत समीक्षा
गोरखपुर। उप निदेशक पंचायत राज हिमांशु ठाकुर ने जनपद के समस्त सहायक विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर गंभीर चर्चा करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण, शौचालय रेट्रोफिटिंग, प्रथम एवं द्वितीय ओडीएफ सत्यापन, घर-घर कूड़ा संग्रहण, पीडब्ल्यूएमयू संचालन तथा गोवर्धन और एफएसटीपी निर्माण के लिए भूमि चयन की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही ग्राम सचिवालय से बाहर किए जाने वाले भुगतान संबंधी मामलों पर भी चर्चा की गई।
इसके अलावा आरजीएसए योजना के तहत पंचायत भवन, पीएलसी एवं सीएससी निर्माण की भौतिक और वित्तीय प्रगति, डिजिटल लाइब्रेरी स्थापना, सामग्री आपूर्ति एवं संचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
बैठक में पंचायत उत्सव भवन, अंत्येष्टि स्थल, बहुउद्देशीय पंचायत भवन निर्माण, ऑडिट अनुपालन, परिवार रजिस्टर डिजिटाइजेशन, पंचायत कल्याण कोष, पंचायत सहायकों की नियुक्ति, मुख्यमंत्री पुरस्कार प्राप्त ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना तथा विभिन्न पोर्टलों पर लंबित मामलों की प्रगति का भी परीक्षण किया गया।
उप निदेशक पंचायत राज हिमांशु ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा और प्रभावी अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय से पहले अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए, जिससे ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध तरीके से पहुंच सके।















