श्रीपालपुर में रात्रि चौपाल: मंडलायुक्त ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बस्ती। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकास खंड बस्ती सदर की ग्राम पंचायत श्रीपालपुर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। हीरालाल जूनियर हाईस्कूल परिसर में आयोजित इस चौपाल में मंडलायुक्त अखिलेश सिंह और पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पेयजल संकट, जर्जर सड़कों, विद्युत आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, राशन कार्ड तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मंडलायुक्त ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों का समाधान मौके पर ही कराया गया।
मंडलायुक्त अखिलेश सिंह ने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले और जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
रात्रि चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को दर्ज किया। ग्रामीणों ने भी प्रशासनिक पहल की सराहना करते हुए अपनी बात सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, उप जिलाधिकारी राजेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। रात्रि चौपाल देर रात तक चली और अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी किए।















