लक्ष्मीबाई पार्क में जनकल्याणकारी विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां प्रदर्शित
गोरखपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा लक्ष्मीबाई पार्क में आयोजित जनकल्याणकारी विकास प्रदर्शनी का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय प्रभारी मंत्री जोखन शाहू ने दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, अमृत योजना एवं स्मार्ट सिटी मिशन जैसी प्रमुख योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर पंजीकरण एवं परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। यह प्रदर्शनी 20 जून तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री जोखन शाहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष विकास, सेवा और सुशासन के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है तथा गरीब, किसान, महिला और युवाओं के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने धारा 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, ट्रिपल तलाक समाप्त करने और नागरिक संशोधन कानून जैसे निर्णयों को देशहित में महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक लगभग चार करोड़ आवास गरीबों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। सरकार के तीसरे कार्यकाल में तीन करोड़ नए आवास निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया और स्मार्ट सिटी जैसी योजनाएं देश के विकास को नई गति दे रही हैं।
समाजवादी पार्टी में संभावित टूट के सवाल पर जोखन शाहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी दल को तोड़ने में विश्वास नहीं रखती। यदि कोई दल अपने संगठन को संभाल नहीं पा रहा है तो यह उसकी आंतरिक कमजोरी है।
कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, अपर नगर आयुक्त गौरव श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नगर निगम द्वारा प्रदर्शनी के सफल आयोजन हेतु व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।















