सीएम योगी ने पीडब्ल्यूडी परियोजनाओं की समीक्षा की, जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर लिया फीडबैक
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीन दिवसीय गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन रविवार को एनेक्सी भवन में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गोरखपुर और आजमगढ़ मंडल के जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों तथा विभागीय परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया। इस दौरान बताया गया कि किन परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है, किन पर कार्य प्रगति पर है और कौन से प्रस्ताव अभी विचाराधीन हैं। मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मंडलायुक्त और जिलाधिकारी गोरखपुर ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की। वहीं कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों के बेहतर समन्वय को लेकर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर एडीजी जोन, डीआईजी रेंज, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विकास परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्यों में समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विकास संबंधी मुद्दों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित किया जाए, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त हो।















