मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित
अम्बेडकरनगर। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की अध्यक्षता में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों तथा विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सभी उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित कर मोहर्रम के अवसर पर आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व-त्योहार सामाजिक एकता और सद्भाव के प्रतीक हैं। सभी लोग प्रशासन का सहयोग करते हुए परंपराओं का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। वहीं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का संकल्प व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी समस्या या सूचना की स्थिति में तत्काल प्रशासन और पुलिस को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।















