पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती-2025 की तैयारियों की एडीजी ने की समीक्षा
कानपुर। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर जोन के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों, बोर्ड ऑब्जर्वरों, मुख्य नोडल अधिकारियों, नोडल अधिकारियों (पुलिस एवं प्रशासन), डीवी/पीएसटी टीमों, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा भर्ती प्रक्रिया में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में 15 जून 2026 से शुरू होने वाली पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत अभिलेखों की संवीक्षा (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन), शारीरिक मानक परीक्षण (PST) एवं भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर देते हुए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की जांच और परीक्षण निर्धारित मानकों तथा शासनादेशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।
बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाओं, परीक्षा एवं परीक्षण स्थलों की व्यवस्थाओं तथा भर्ती प्रक्रिया की निगरानी से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और भर्ती प्रक्रिया को पूरी ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए।
एडीजी ने सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से कार्य करने की अपेक्षा जताई, ताकि भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।















