रॉन्ग साइड से आ रहे पीएसी वाहन की चपेट में आए दो युवक, मौत के बाद परिजनों का हंगामा

रॉन्ग साइड से आ रहे पीएसी वाहन की चपेट में आए दो युवक, मौत के बाद परिजनों का हंगामा

गोरखपुर। गीडा थाना क्षेत्र के नौसढ़ के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रॉन्ग साइड से आ रहे पीएसी वाहन ने दोनों युवकों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, राजघाट थाना क्षेत्र के चकरा अव्वल निवासी राज निषाद (18) पुत्र रामधारी और गीडा थाना क्षेत्र के बहरामपुर दक्षिणी निवासी अमित निषाद (19) पुत्र महेंद्र बाइक से ट्रांसपोर्ट नगर नौसढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड से आ रहे पीएसी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए और आक्रोशित होकर हंगामा शुरू कर दिया। नाराज परिजनों ने गोरखपुर-लखनऊ मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया और वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

घटना की सूचना पर सीओ गीडा योगेंद्र सिंह सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।

सीओ योगेंद्र सिंह ने बताया कि पीएसी वाहन की टक्कर से दोनों युवक घायल हुए थे, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

युवकों की असमय मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

शेष जानकारी अपडेट की जाएगी

Previous articleडीएम-एसपी ने रात्रिकालीन चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं “आइए एक साथ मिलकर बेहतर गांव का निर्माण करें” विषय पर हुआ संवाद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here