डीएम-एसपी ने रात्रिकालीन चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
“आइए एक साथ मिलकर बेहतर गांव का निर्माण करें” विषय पर हुआ संवाद
बस्ती। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, गांवों के समग्र विकास और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक बस्ती ने थाना पैकोलिया क्षेत्र के ग्राम पुरैना खास में रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन किया। चौपाल का विषय “आइए एक साथ मिलकर बेहतर गांव का निर्माण करें” रखा गया था।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं को सुना। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान कर गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
रात्रिकालीन चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामवासियों से स्वच्छता, शिक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने भी प्रशासन के साथ मिलकर गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस कर्मी, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।















