एडीजी जोन ने अपराध और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, चुनाव तैयारियों पर दिया विशेष जोर
कानपुर। अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जोनल कार्यालय में कानपुर जोन के समस्त जनपद प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं को लेकर समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में विभिन्न जनपदों की पुलिसिंग व्यवस्था और अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, ऑपरेशन कन्विक्शन की प्रगति तथा वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई।
एडीजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिला सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने पर बल दिया।
बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। एडीजी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
समीक्षा गोष्ठी में पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर चर्चा की।















