मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, मंत्री डॉ. मनोज पाण्डेय ने बढ़ाया उत्साह

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, मंत्री डॉ. मनोज पाण्डेय ने बढ़ाया उत्साह

रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा विभाग की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए विकास भवन स्थित महात्मा गांधी सभागार में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोज कुमार पाण्डेय ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर के 1,682 मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया।

जनपद स्तरीय समारोह में हाईस्कूल के 7 तथा इंटरमीडिएट के 14 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं 21 हजार रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं हाईस्कूल में प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त करने वाली तनु जायसवाल तथा आठवां स्थान प्राप्त करने वाले सर्वेश कुमार मिश्रा एवं अभिषी साहू को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री डॉ. मनोज पाण्डेय ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और लगन के बल पर न केवल स्वयं का बल्कि अपने माता-पिता, शिक्षकों, विद्यालय और पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और परिश्रम सफलता की वास्तविक कुंजी है। विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत ही व्यक्ति को उसके मुकाम तक पहुंचाती है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना है। विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षण सामग्री और आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता से शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हुआ है, जिसका सकारात्मक परिणाम विद्यार्थियों की उपलब्धियों के रूप में सामने आ रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान, माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Previous articleमुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
Next articleआमी नदी के पुनर्जीवन की उठी मांग, सभासदों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here