भीषण गर्मी से तपने लगे ट्रांसफार्मर, पानी डालकर बचा रहे बिजलीकर्मी
गीडा सेक्टर-13 विद्युत उपकेंद्र पर ट्रांसफार्मरों को ठंडा करने के लिए लगाया गया विशेष प्रबंध
गोरखपुर/सहजनवा। भीषण गर्मी का असर अब केवल लोगों और पशु-पक्षियों तक ही सीमित नहीं रह गया है, बल्कि बिजली व्यवस्था भी इसकी चपेट में आने लगी है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण विद्युत उपकेंद्रों पर लगे ट्रांसफार्मर अत्यधिक गर्म हो रहे हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को संभालने के लिए बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मरों को पानी डालकर ठंडा करने की व्यवस्था शुरू कर दी है।
सहजनवा क्षेत्र के गीडा सेक्टर-13 स्थित विद्युत उपकेंद्र पर बिजलीकर्मी टुल्लू पंप और पाइप की मदद से ट्रांसफार्मरों पर लगातार पानी डालते नजर आए। दोपहर के समय तापमान बढ़ने पर ट्रांसफार्मरों के अधिक गर्म होने की समस्या सामने आ रही है, जिससे ओवरलोडिंग और फॉल्ट का खतरा बढ़ जाता है।
बिजली विभाग के कर्मचारियों को ट्रांसफार्मरों की निगरानी और उन्हें समय-समय पर ठंडा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग का प्रयास है कि ट्रांसफार्मर सुरक्षित रहें और उपभोक्ताओं को लगातार बिजली आपूर्ति मिलती रहे।
भीषण गर्मी के चलते पहले ही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। ऐसे में ट्रांसफार्मर खराब होने की आशंका से विभाग अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। बिजली विभाग के अनुसार यदि ट्रांसफार्मर अधिक गर्म हो जाएं तो आपूर्ति बाधित होने के साथ उपकरणों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है।
एसडीओ विद्युत वीके मल्ल ने बताया कि बढ़ते तापमान को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि गर्म ट्रांसफार्मरों पर ठंडा पानी डालकर उन्हें सुरक्षित रखने और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।















