डीएम की अध्यक्षता में सड़क परियोजनाओं हेतु भूमि अधिग्रहण की समीक्षा बैठक सम्पन्न
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद में संचालित विभिन्न सड़क परियोजनाओं से संबंधित भूमि अधिग्रहण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भूमि अधिग्रहण की वर्तमान स्थिति, मुआवजा वितरण, लंबित प्रकरणों और परियोजनाओं में आ रही बाधाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
समयबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया पर जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क परियोजनाओं से जुड़े भूमि अधिग्रहण कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूर्ण कराया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि किसानों एवं प्रभावित लोगों को शासन की मंशा के अनुरूप नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
विवादित मामलों के प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी ने विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित उप जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवादित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए, जिससे विकास कार्य प्रभावित न हों।
गंगा एक्सप्रेसवे से क्षतिग्रस्त सड़कों की भी हुई समीक्षा
बैठक में गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यूपीडा को निर्देशित किया कि चिन्हित सड़कों की समयबद्ध मरम्मत कराई जाए और कार्ययोजना शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित उप जिलाधिकारी एवं अधिशासी अभियंता द्वारा संयुक्त सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सड़कों की मरम्मत मानकों के अनुरूप हुई है। बैठक में अमृता सिंह, सिद्धार्थ, विशाल यादव सहित एनएचएआई, यूपीडा, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















