मेहदावल में जुए की महफिल से निकली लूट की साजिश, कैम्पियरगंज पुलिस ने तीन बदमाश दबोचे
गोरखपुर। मेहदावल में जुआ खेलने के दौरान बनी लूट की साजिश का खुलासा करते हुए थाना कैम्पियरगंज पुलिस ने तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 13 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ गोरखपुर द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कैम्पियरगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 211/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए रविन्द्र निषाद, मुन्ना लाल मौर्य और गिरजेश यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 25 अप्रैल 2026 को वादी मेहदावल से पीपीगंज जा रहा था। रास्ते में तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया, मारपीट की और 77 हजार रुपये नगद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी आपस में जुआ खेलते थे और मुखबिरी के जरिए लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूट की रकम का हिस्सा, मोबाइल फोन और दो बाइक बरामद की।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र सिंह ने पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 310(2), 3(5) एवं 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई में एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और थाना कैम्पियरगंज पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है















