डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना का ताबड़तोड़ निरीक्षण, आंगनबाड़ी और स्कूलों की व्यवस्थाओं की परखी हकीकत
बस्ती। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बुधवार सुबह बनकटी और सदर क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, वहीं लापरवाही मिलने पर अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीएम ने सबसे पहले बाल विकास परियोजना बनकटी के आंगनबाड़ी केंद्र देवमी का निरीक्षण किया। यहां बच्चों की स्कूल पूर्व शिक्षा गतिविधियों, पोषण व्यवस्था और पोषण ट्रैकर की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान एक बच्ची का वृद्धि मापन भी कराया गया, जिसमें बच्ची सामान्य श्रेणी में पाई गई। हालांकि क्षेत्रीय मुख्य सेविका द्वारा मोबाइल आधारित गतिविधियों की जानकारी संतोषजनक ढंग से न देने पर डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सदर क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र डारीडीहा और भुवरनिरंजनपुर का निरीक्षण किया गया। बच्चों की शिक्षा गतिविधियों, हॉट कुक्ड मील और एलईडी आधारित शिक्षण प्रणाली की जानकारी ली गई। डारीडीहा केंद्र पर चार बच्चे सैम श्रेणी में पाए गए।
सदर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय भुवरनिरंजनपुर में बच्चों का शैक्षणिक स्तर संतोषजनक मिलने पर डीएम ने शिक्षिकाओं ज्योति मिश्रा और केतकी पाण्डेय के कार्यों की सराहना की। वहीं विद्यालय में स्थापित आधुनिक लाइब्रेरी के संचालन को भी सराहा। विद्यालय में शौचालय निर्माण के लिए खंड विकास अधिकारी से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बस्ती सदर का निरीक्षण किया। यहां शौचालय और परिसर की साफ-सफाई असंतोषजनक मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए वार्डन रंजना सिंह से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं के लर्निंग आउटकम में सुधार और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर विशेष जोर दिया।















