शानदार रहा तीन साल का कार्यकाल, जनता का मिला भरपूर प्यार
सेवानिवृत्त सीओ समेत चार पुलिस कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई
संतकबीरनगर।
गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित एक सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय सिंह सहित चार पुलिस कर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनके दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुशील कुमार सिंह, सीओ सदर प्रियमराज शेखर पांडेय, सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह, सीओ धनघटा अभयनाथ मिश्र, सीओ यातायात अमित कुमार तथा कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने सेवानिवृत्त सीओ अजय सिंह को स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
एएसपी सुशील कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अजय सिंह ने 35 वर्षों से अधिक समय तक पुलिस विभाग की सेवा की और एक धाकड़ एवं ईमानदार अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए हर परिस्थिति में उत्कृष्ट कार्य किया, जो हमेशा प्रेरणादायक रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए अजय सिंह के कार्यों की सराहना की और उनके सहयोग व मार्गदर्शन को अविस्मरणीय बताया।
अपने विदाई संबोधन में अजय सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सब-इंस्पेक्टर के रूप में की थी और पदोन्नति पाकर इंस्पेक्टर तथा बाद में सीओ बने। उनका अधिकांश कार्यकाल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बीता। सेवा के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन सत्यनिष्ठा और वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग से वे हर कठिनाई को पार करते रहे।
उन्होंने कहा कि संतकबीरनगर में बिताया गया उनका लगभग तीन वर्षों का कार्यकाल बेहद शानदार रहा। यहां की जनता से मिला सहयोग और स्नेह वे जीवनभर याद रखेंगे।
इस अवसर पर आरआई रामबली यादव, जन शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी रजनीश राय, विवेक सिंह, हेमंत तिवारी, मृत्युंजय राय, सूर्यभान सिंह, डंपी मिश्रा, अंकित पाल, संतोष चौबे सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।















