बारिश के बीच नगर आयुक्त सड़कों पर, जलभराव वाले स्थलों का लिया जायजा
गोरखपुर। अचानक हुई बारिश के बीच नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल खुद मैदान में उतरकर महानगर के जलभराव संभावित स्थलों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत परखी और अधिकारियों को हर स्थिति के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गोपालपुर, मुंशी प्रेमचंद पार्क और सिविल लाइन क्षेत्र में जलभराव की कोई गंभीर समस्या नहीं मिली, जिससे राहत की स्थिति रही। हालांकि शिवाय होटल, तहसील गेट और शास्त्री चौक जैसे स्थानों पर जलभराव की आशंका को देखते हुए तत्काल सकिंग मशीन तैनात करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने यह भी पाया कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के चलते कुछ स्थानों पर जलनिकासी प्रभावित हो रही है। इस पर उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नालियों को जल्द जोड़ने और जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से खत्म करने के निर्देश दिए।
बुद्ध विहार गेट पर नाले की स्थिति का निरीक्षण करते हुए व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, वहीं अकोला पुलिया पर जारी निर्माण कार्य के चलते संभावित जलभराव की शिकायतों को तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने सभी अवर अभियंताओं, सफाई निरीक्षकों और जोनल अधिकारियों को रात में भी पूरी सक्रियता के साथ निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
नगर प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की जलभराव या अन्य समस्या की सूचना तत्काल यूएफएमसी हेल्पलाइन नंबर 8810709312 पर दें। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि शहरवासियों को परेशानी से बचाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरी तरह से दुरुस्त रखे गए हैं।















