पृथ्वी दिवस पर पोस्टर-रंगोली प्रतियोगिता, पर्यावरण संरक्षण का संदेश
संतकबीरनगर। सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज, बिधियानी (खलीलाबाद) में विश्व पृथ्वी दिवस एवं भू अलंकरण दिवस के अवसर पर संस्कार भारती के तत्वावधान में पोस्टर व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को पृथ्वी संरक्षण के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण जैसे कार्यों में सभी को सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ‘जल है तो कल है’, ‘प्लास्टिक मुक्त भारत’ और ‘हरित पृथ्वी’ जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए। इसमें मुस्कान ने प्रथम, कनक ने द्वितीय और शंकरमणि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में अंशिका, मुस्कान, साक्षी और अनुष्का ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। छात्राओं ने अपनी कला के माध्यम से पृथ्वी संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ आचार्या सुदक्षिणा सिंह व साधना मिश्रा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।















