सीएम कार्यक्रम से पहले राप्ती इको पार्क का निरीक्षण, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

सीएम कार्यक्रम से पहले राप्ती इको पार्क का निरीक्षण, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

 

गोरखपुर। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को एकला बंधे पर बन रहे राप्ती इको पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने डिवाइडर पर रेलिंग एवं ट्रिगार्ड लगाकर छायादार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। उन्होंने बंधे पर झंडा लगाने के कार्य में तेजी लाने तथा उसके रखरखाव (मेंटेनेंस) का कार्य संबंधित ठेकेदार को दो वर्षों के लिए देने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिशासी अभियंता अशोक भाटी को निर्देशित किया कि एकला बंधे पर “बिफोर और आफ्टर” फोटोग्राफ्स एवं फ्लेक्स लगवाए जाएं, जिससे आमजन को विकास कार्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सके।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने राप्ती इको पार्क में आर्टिफिशियल तालाब विकसित करने तथा उसमें बच्चों के लिए बोटिंग की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क में झूले एवं अन्य मनोरंजन गतिविधियों से जुड़े उपकरण लगाने पर भी जोर दिया, ताकि यह स्थल परिवारों और बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।

उन्होंने पार्क के विभिन्न स्थानों पर लॉन विकसित करने, व्यापक वृक्षारोपण कराने, “वेस्ट टू वंडर” थीम पर सजावट करने तथा मार्बल की आकर्षक मूर्तियां स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एकला बंधे की सड़क पर यातायात से संबंधित विभिन्न साइनेज लगाने की बात कही, जिससे आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिल सके।

नगर आयुक्त ने एकला बंधे पर भव्य एंट्री गेट के निर्माण और उसके सामने बड़े आकार के मार्बल के दो शेरों की मूर्तियां स्थापित करने के भी निर्देश दिए, जिससे स्थल की भव्यता और बढ़ाई जा सके।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम द्वारा विकसित किए जा रहे राप्ती इको पार्क को लेकर खुशी जताई है। उनका कहना है कि इस पार्क के तैयार होने से क्षेत्र में घूमने-फिरने के लिए एक बेहतर और आकर्षक स्थान उपलब्ध होगा, जिससे शहर की सुंदरता के साथ-साथ लोगों के मनोरंजन के साधनों में भी वृद्धि होगी।

Previous articleयूपी में फिर चली तबादला एक्सप्रेस: देवरिया और अंबेडकरनगर के एसपी बदले

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here