बेमौसम बारिश से नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को मिले उचित मुआवजा: मुख्य सचिव

बेमौसम बारिश से नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को मिले उचित मुआवजा: मुख्य सचिव

 

गोरखपुर। प्रदेश में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सभी जिलाधिकारियों को किसानों को शीघ्र और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। 

मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें गोरखपुर जनपद से जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

वीडियो कांफ्रेंसिंग में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने स्पष्ट कहा कि फसल नुकसान का सर्वेक्षण पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ कराया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। राजस्व एवं कृषि विभाग की टीमें संयुक्त रूप से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक नुकसान का आंकलन सुनिश्चित करें। 

मुख्य सचिव ने चेतावनी दी कि सर्वेक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि हर प्रभावित किसान तक राहत पहुंचे और उसे उसकी फसल के अनुरूप उचित मुआवजा मिले। इसके लिए ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से सभी सूचनाओं को अपडेट रखने के निर्देश दिए गए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। 

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि गोरखपुर जनपद में प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कार्य तेजी से कराया जा रहा है और संबंधित विभागों की टीमें लगातार फील्ड में कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि किसानों से प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। डीएम ने आश्वासन दिया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी पात्र किसानों को समय से मुआवजा दिलाया जाएगा। 

सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि ग्राम स्तर पर निगरानी के लिए टीमों का गठन किया गया है, जिससे सर्वे कार्य में तेजी लाई जा सके। वहीं सीआरओ हिमांशु वर्मा ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आंकलन निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है और रिपोर्ट जल्द ही शासन को प्रेषित की जाएगी। 

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए, ताकि बेमौसम बारिश के बाद फैलने वाली बीमारियों पर नियंत्रण रखा जा सके। सीएमओ डॉ. राजेश झा को निर्देशित किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जाए। 

अंत में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने दोहराया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने और राहत कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने की अपेक्षा जताई।

Previous articleजनगणना तैयारियों पर मुख्य सचिव की सख्ती, समयबद्ध व पारदर्शी कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश
Next articleडीआईजी संजीव त्यागी ने क्षेत्राधिकारी धनघटा कार्यालय व थाना धनघटा का औचक निरीक्षण 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here