स्कूल चलो अभियान को नई ऊर्जा: विधायक गणेश चन्द्र चौहान ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
संतकबीरनगर। स्कूल चलो अभियान-2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर धनघटा विधानसभा क्षेत्र में भव्य रैली का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक धनघटा गणेश चन्द्र चौहान ने रैली को हरी झंडी दिखाकरk रवाना किया।
रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और शिक्षा के महत्व के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना था। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की, जिसमें विशेष रूप से बड़ी संख्या में बच्चों की उपस्थिति देखने को मिली।
विधायक गणेश चन्द्र चौहान ने संबोधन में शिक्षा को जीवन की सफलता का आधार बताते हुए सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन अवश्य कराएं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने जनपद के विद्यालयों एवं अभिभावकों का आह्वान किया कि 6 से 14 वर्ष का कोई भी बच्चा विद्यालय में नामांकन से वंचित न रहे।
कार्यक्रम का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक हैंसर बाजार महेंद्र प्रसाद ने किया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ तभी संभव है जब प्रत्येक बच्चा विद्यालय से जुड़ा हो। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित किया कि वे घर-घर संपर्क कर बच्चों को विद्यालय लाने का प्रयास करें।
रैली क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें “हर बच्चा स्कूल जाए”, “शिक्षा है अधिकार हमारा” जैसे नारों के माध्यम से जनमानस को जागरूक किया गया। इस आयोजन में कुल लगभग 200 प्रतिभागी (प्रधानाध्यापक/ई0 प्रधानाध्यापक एवं ग्राम प्रधान सभासद) सहित काफी संख्या में बच्चे भी सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर चन्द्र शेखर भारती, शैलेश कुमार यादव, गणेश प्रसाद चौधरी, श्रृंखला पाण्डेय, नीतू अग्रहरी, चंद्रकला, विनय सिंह, नितिन कुमार, निर्मल स्वरूप, राम आशीष, विजय, संत कुमार मिश्र आदि प्रधानाध्यापक एवं बी0आर0सी0 कार्यालय कर्मचारी मो0 जुबैर, रोहित कुमार, दिग्विजय पाण्डेय, विकास गिरी, कृष्ण मुरारी, श्याम जी, स्वप्निल यादव, उमेश चन्द, राम प्रताप, अजीत कुमार, इश्वर चंद, गजेन्द्र कुमार, देव नारायण आदि उपस्थित रहे।















