श्रीराम कथा में डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव की गरिमामयी उपस्थिति, बढ़ाया आयोजन का गौरव
संतकबीरनगर। जनपद के पुरानी पुलिस लाइन परिसर में आयोजित भव्य श्रीराम कथा के छठे दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्ति और श्रद्धा के इस पावन अवसर पर जिले के सुप्रसिद्ध समाजसेवी और सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ जनपद के प्रथम नागरिक व जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव भी मौजूद रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कथा के दौरान डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने व्यास पीठ पर विराजमान कथावाचक गोरखनाथ मिश्रा एवं उनकी संगीत टोली का अंग वस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत और सम्मान किया। अपनी सेवा भावना का परिचय देते हुए डॉ. चतुर्वेदी ने आयोजकों को सहयोग राशि भी भेंट की और व्यास जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन चरित्र संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा पुंज है और ऐसे आयोजनों से समाज में एकता व शांति का संदेश जाता है।
इस गौरवशाली क्षण के दौरान सुभाष तिवारी, बद्री तिवारी, प्रवीण उपाध्याय, आनंद ओझा और शंकर यादव समेत भारी संख्या में डॉ. चतुर्वेदी के समर्थक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। छठे दिन की इस दिव्य कथा और भजनों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय जयकारों से गुंजायमान रहा।















