डीएम आलोक कुमार ने मेंहदावल विकासखंड कार्यालय का सघन निरीक्षण किया, लंबित पत्रावलियों पर जताई नाराजगी
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने आज विकासखंड मेंहदावल कार्यालय के सभी पटलों/अनुभागों एवं पशु अस्पताल मेंहदावल का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रखरखाव, पटलों से संबंधित पत्रावलियों के नियमानुसार एवं त्वरित निस्तारण, कार्यालय परिसर की साफ-सफाई सहित अन्य बिंदुओं पर संबंधित कार्यालय/पटल सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सर्वप्रथम सभी कक्षों एवं कक्ष से संबंधित कार्यों की अद्यतन स्थिति, प्रगति एवं गुणवत्ता का निरीक्षण किया तथा विकासखंड स्तर पर संचालित सभी योजनाओं का गहन निरीक्षण करते हुए जरूरी निर्देश दिए।
मनरेगा और एनआरएलएम योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। आईजीआरएस रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर और परिवार रजिस्टर का परीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। दो वर्ष से पुरानी लंबित ऑडिट आपत्तियों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। खंड विकास अधिकारी कक्ष की आलमारी में पुराने कागजात अस्त-व्यस्त पाए जाने पर उन्हें व्यवस्थित रखने और निष्प्रयोज्य अभिलेखों को डिस्पोज करने के निर्देश दिए। डेड स्टॉक रजिस्टर के विगत दो वर्षों से सत्यापन न किए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की गई।
जिलाधिकारी ने उपस्थित स्टाफ को निर्देशित किया कि वे समय से कार्यालय आएं, जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें तथा शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पशु अस्पताल मेंहदावल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। वर्तमान में पुराने भवन में संचालित चिकित्सालय के निर्माणाधीन नए भवन में प्रयोग की जा रही ईंटों की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर कमेटी गठित कर जांच कराने और एक सप्ताह में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चिकित्सालय में दवाइयों की कमी और साफ-सफाई की स्थिति देखकर नाराजगी जताई गई। उन्होंने निर्देश दिया कि चिकित्सालय पर पशुओं से संबंधित आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता हमेशा सुनिश्चित रखी जाए और साफ-सफाई व्यवस्था सुव्यवस्थित की जाए।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, परियोजना निदेशक विजयन्त सिंह, खंड विकास अधिकारी मेंहदावल राजेश कुमार एवं अन्य विकासखंड/पशु चिकित्सालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।















