जनपद में पेट्रोल-डीजल व गैस सिलेण्डर की आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश, अफवाहों पर न दें ध्यान
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस सिलेण्डर की आपूर्ति को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा और अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी सेल्स ऑफिसरों को सख्त निर्देश दिए कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेण्डर की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में इन वस्तुओं की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। आम जनमानस से अनुरोध किया गया कि वे केवल अपनी आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और गैस खरीदें तथा अनावश्यक भंडारण से बचें।
डीएम ने कहा कि आपूर्ति व्यवस्था पर सतत नजर रखी जा रही है और किसी भी कमी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाजार में किसी प्रकार की कालाबाजारी या कृत्रिम कमी न होने पाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर अरुण कुमार, उप जिलाधिकारी धनघटा सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर अमित कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, इंडियन ऑयल, बीपीसीएल, एचपीसीएल के सेल्स ऑफिसर तथा समस्त आपूर्ति विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों और संबंधित विभागों को आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।















