मिशन शक्ति फेज 5.0 का भव्य शुभारंभ: डीआईजी संजीव त्यागी ने हरी झंडी दिखाई
बस्ती। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण का भव्य शुभारंभ पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने किया। शुक्रवार 20 मार्च 2026 को पुलिस लाइन बस्ती में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के साथ डीआईजी ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
डीआईजी संजीव त्यागी ने बताया कि यह 30 दिवसीय विशेष अभियान पूरे रेंज में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण एवं न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए हर स्तर पर सक्रियता बरती जाए।
अभियान के दौरान मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिस बल की विशेष ड्यूटी रहेगी। एंटी-रोमियो स्क्वायड एवं महिला बीट पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सघन गश्त करते हुए भ्रमणशील रहेंगे। साथ ही समस्त स्कूलों एवं कॉलेजों में जाकर महिलाओं से संबंधित सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, कानूनों एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाएगी। पम्पलेट एवं फोल्डर वितरित कर जागरूकता फैलाई जाएगी तथा प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती, क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
डीआईजी ने कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम है। अभियान के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण प्रदान करने का संकल्प लिया गया है। पुलिस बल पूर्ण मुस्तैदी से कार्य करेगा ताकि कोई भी घटना होने न पाए।















