डीएम-एसपी ने ईद के मद्देनजर मस्जिदों-मार्केट का किया भ्रमण, सौहार्दपूर्ण त्योहार की अपील
रायबरेली। ईद-उल-फितर के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शहर के प्रमुख मस्जिदों एवं बाजारों का औचक भ्रमण किया। दोनों अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन से त्योहार को भाईचारे व एकता के साथ मनाने की अपील की।
डीएम हर्षिता माथुर ने कहा कि अफवाहों से दूर रहकर सभी लोग गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखें। उन्होंने कहा, “त्योहार जीवन में हर्षोल्लास, नवीनता और उमंग का संचार करते हैं। सभी लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ ईद मनाएं।” उन्होंने एसडीएम और सीओ को निर्देश दिए कि ईदगाहों व मस्जिदों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा आमजन को सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि जनपद में प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर रूट मार्च किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए।
भ्रमण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर प्रफुल्ल कुमार शर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि ईद हर वर्ष की भांति इस बार भी हंसी-खुशी, मिलजुल कर और शांति के साथ मनाई जाए। सुरक्षा, साफ-सफाई और सद्भाव को बनाए रखने के लिए सभी विभागों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।















