डीएम ने जनगणना प्रशिक्षण केन्द्र का निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

डीएम ने जनगणना प्रशिक्षण केन्द्र का निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने जनगणना-2027 की तैयारियों को मजबूत बनाने के लिए पंचायत सभागार दरीबा स्थित प्रशिक्षण केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, कार्मिकों की उपस्थिति और कार्यक्रम की गुणवत्ता का गहन जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए जनपद में चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। प्रथम बैच (16 से 18 मार्च 2026) में सलोन एवं महाराजगंज तहसील के 36 फील्ड ट्रेनरों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षित किया गया। शासन स्तर से प्रशिक्षित चार मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया, डेटा संकलन विधियां, डिजिटल उपकरणों का उपयोग, मोबाइल एप्लिकेशन संचालन और शासन के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। ये ट्रेनर अब अन्य कार्मिकों को प्रशिक्षित करेंगे।

वर्तमान में द्वितीय चरण चल रहा है, जिसमें 19, 20 एवं 23 मार्च को दो बैचों में तहसील सदर, लालगंज, सलोन एवं ऊँचाहार के कुल 62 कार्मिकों/फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रशिक्षण के दूसरे दिन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रशिक्षु दी जा रही जानकारी को गंभीरता से ग्रहण करें और जनगणना कार्य में पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता एवं सटीकता बरतें। उन्होंने कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न हो और सभी कार्मिकों को आवश्यक दक्षता प्रदान की जाए, ताकि जनपद में सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने भी उपस्थिति अनिवार्य होने और समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सलोन सचिन यादव के निर्देशन में यह कार्य सुचारू रूप से चल रहा है।

डीएम ने स्पष्ट किया कि जनगणना-2027 का सफल संचालन जनपद की प्राथमिकता है और सभी स्तर पर पूर्ण समन्वय एवं सतर्कता बरती जाएगी।

Previous articleमिशन शक्ति फेज 5.0 का भव्य शुभारंभ: डीआईजी संजीव त्यागी ने हरी झंडी दिखाई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here