डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ किया ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण
रायबरेली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयर हाउस का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान डीएम हर्षिता माथुर ने वेयर हाउस की साफ-सफाई, व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वेयर हाउस की सफाई और रखरखाव की समुचित व्यवस्था निरंतर बनी रहे। डीएम ने ईवीएम-वीवीपैट मशीनों के भंडारण, लॉग बुक की अद्यतन स्थिति, सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, प्रवेश-नियंत्रण और अन्य सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की चूक न हो और सभी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
यह निरीक्षण चुनाव प्रक्रिया में विश्वसनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से सभी पक्षों को संतुष्टि मिली और प्रक्रिया की पारदर्शिता पर मुहर लगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, उपजिलाधिकारी सचिन यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।















