डीएम ने जनसुनवाई में दिव्यांग आवेदक को दिलाई नई ट्राई साइकिल
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में एक दिव्यांग व्यक्ति की समस्या सुनकर तत्काल राहत पहुंचाई। ग्राम मझिगवां, विकासखंड हरचंदपुर, हरदोई निवासी राम भरोसे पुत्र राम विशाल ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह 100 प्रतिशत दिव्यांग है और उसके पास अपना आवास नहीं है।
डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों ने अवगत कराया कि राम भरोसे का नाम पीएम आवास की पात्रता सूची में शामिल है और उन्हें जल्द ही आवास का लाभ मिल जाएगा।
जनसुनवाई में ही जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन विभाग से राम भरोसे को नई ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का आदेश दिया, जिसके तहत उन्हें तुरंत ट्राई साइकिल प्रदान कर दी गई। साथ ही स्पष्ट किया गया कि आवेदक को पहले से ही दिव्यांग पेंशन का नियमित लाभ मिल रहा है।
डीएम हर्षिता माथुर ने राम भरोसे के बच्चों के कल्याण के लिए मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ दिलाने हेतु भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए।















