गोरखपुर को नए एसपी सिटी मिले: पाटिल निमिष दशरथ ने संभाला पदभार, जनकेंद्रित पुलिसिंग होगी प्राथमिकता

गोरखपुर को नए एसपी सिटी मिले: पाटिल निमिष दशरथ ने संभाला पदभार, जनकेंद्रित पुलिसिंग होगी प्राथमिकता

 

गोरखपुर। जनपद गोरखपुर को नया एसपी सिटी मिल गया है। 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी पाटिल निमिष दशरथ ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से एसपी सिटी का पदभार ग्रहण किया। मूल रूप से महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के निवासी पाटिल इससे पहले गाजियाबाद में डीसीपी ट्रामा सेंटर के पद पर तैनात थे, जहां उन्होंने करीब तीन वर्षों तक ईमानदारी और निष्ठा से अपनी सेवाएं दीं।

पदभार ग्रहण के तुरंत बाद एसपी सिटी पाटिल निमिष दशरथ ने मीडिया से बातचीत में कहा, “गोरखपुर में जनकेंद्रित पुलिसिंग (People Centric Policing) मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पुलिस का हर अधिकारी और कर्मचारी आम नागरिक की मदद के लिए तत्पर रहेगा, ताकि जनता को पुलिस से विश्वास और सहयोग मिले।” उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे किसी को भी बार-बार थाने या कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

एसपी सिटी ने जोर देकर कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध को जड़ से रोकना है। इसके लिए सभी पुलिस टीमों को सक्रिय, संवेदनशील और समन्वित तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे। हर शिकायत की गंभीरता से जांच होगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि कई शिकायतें आपसी या जमीनी विवाद से जुड़ी होती हैं, जहां प्रशासनिक और न्यायिक प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण होती है। ऐसे मामलों में तथ्यों और सबूतों के आधार पर ही निष्पक्ष कार्रवाई होगी।

“पांचों उंगलियां बराबर नहीं होतीं,” कहते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस हर मामले में निष्पक्ष जांच करेगी। यदि कोई शिकायतकर्ता जानबूझकर गलत जानकारी देता है, तो उसके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाएगी।

आगामी ईद त्योहार को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। एसपी सिटी ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निरंतर निगरानी होगी, पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और फोर्स की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि त्योहार पूर्ण शांति और सुरक्षा के साथ मनाया जा सके।

नए एसपी सिटी की ऊर्जा और जन-केंद्रित दृष्टिकोण से गोरखपुर पुलिस को नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी है।

Previous articleडीएम-एसपी ने किया उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण: शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई परीक्षा
Next articleडीएम ने जनसुनवाई में दिव्यांग आवेदक को दिलाई नई ट्राई साइकिल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here