पीएम श्री विद्यालय: बच्चों की प्रतिभा निखारने का शानदार मंच: डीएम
रायबरेली। प्रधानमंत्री श्री विद्यालय योजना के तहत बच्चों की छिपी हुई खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को उजागर करने का दूसरा जनपदीय आयोजन शनिवार को पुलिस लाइंस मैदान में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने संयुक्त रूप से किया। जिले के 30 पीएम श्री विद्यालयों से सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की और अपनी बहुमुखी प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया।
डीएम हर्षिता माथुर ने कहा, “पीएम श्री विद्यालय बच्चों की प्रतिभा को निखारने का एक बड़ा और प्रभावी मंच साबित हो रहे हैं। इन स्कूलों में कायाकल्प के साथ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले साल की सफलता को दोहराते हुए इस बार भी खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है, जो उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।”
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि योजना के तहत जनपद में 30 मॉडल स्कूल विकसित किए जा रहे हैं, जहां पढ़ाई के साथ खेल, कला और संस्कृति को समान महत्व मिल रहा है। कार्यक्रम में एकल गीत, लोक नृत्य, समूह गान और सरस्वती वंदना जैसी आकर्षक प्रस्तुतियां शामिल रहीं, जिन्होंने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
क्रीड़ा प्रभारी बीईओ बृजलाल और डॉ. सत्यप्रकाश यादव ने जोर दिया कि सरकार का उद्देश्य है पठन-पाठन के साथ नियमित खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां चलें, ताकि बच्चे पूर्ण रूप से विकसित होकर आगे बढ़ सकें। प्रतियोगिता में विजेताओं को प्रमाणपत्र, टी-शर्ट, नेकर और कैप प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रमुख परिणाम (उच्च प्राथमिक वर्ग):
गोला फेंक: अभय (बालक) एवं रोजनीन (बालिका) प्रथम
चक्रक्षेपण: दीपांशु एवं पूजा प्रथम
लंबी कूद: अभय एवं नैंशी प्रथम
100 मीटर: सम्राट एवं नैनशी प्रथम
200 मीटर: अभय एवं नैंशी प्रथम
पोस्टर प्रतियोगिता: अनुराम (रोझइया भीखमशाह) प्रथम
सांस्कृतिक कार्यक्रम: पीएम श्री रोझइया भीखमशाह प्रथम, लालगंज द्वितीय, हैबतमऊ तृतीय
प्राथमिक स्तर के प्रमुख परिणाम:
100 मीटर बालक: शिवम प्रथम; बालिका: ऊषा प्रथम
200 मीटर: आर्यन (बालक) एवं संध्या (बालिका) प्रथम
लंबी कूद: शिवम एवं ऊषा प्रथम
कार्यक्रम का संचालन अभिषेक द्विवेदी और स्काउट मास्टर शिवशरण सिंह ने किया। मौके पर बीईओ सुरेंद्र कुमार, जिला खेल प्रभारी रेनू शुक्ला सहित कई अधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे। यह आयोजन बच्चों के सपनों को पंख देने वाला साबित हुआ और पीएम श्री विद्यालयों की उपयोगिता को स्पष्ट रूप से रेखांकित करता है।















