उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण
निष्पक्षता और शुचिता पर जोर, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
बस्ती। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने जनपद के परीक्षा केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह भी उनके साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने महिला डिग्री कॉलेज, ए.पी.एन. डिग्री कॉलेज और गोविंद राम सेकेंडरी इंटर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश-निकास द्वार, पेयजल, शौचालय, प्रकाश और साफ-सफाई की बारीकी से जांच की।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल-विहीन वातावरण में संपन्न हो। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रवेश के समय अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाए। किसी भी लापरवाही पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। वहां से परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से केंद्र पहुंचें, नियमों का पालन करें और परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने में सहयोग करें।















