पिपराइच चीनी मिल में कृषक गोष्ठी: बसंतकालीन गन्ना बुवाई पर जोर, वैज्ञानिक खेती की अपील
गोरखपुर। पिपराइच चीनी मिल के सभागार में बसंतकालीन गन्ना बुवाई को बढ़ावा देने और गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मान्यता प्राप्त राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह ने की। इस अवसर पर उप गन्ना आयुक्त गोरखपुर, जिला गन्ना अधिकारी और चीनी मिल पिपराइच के प्रधान प्रबंधक भी उपस्थित रहे।
गोष्ठी में चीनी निगम मुख्यालय के तकनीकी निदेशक डॉ. स्वेन और शोध केंद्र सेवरही, कुशीनगर के डॉ. सुभाष सिंह ने किसानों को गन्ने की वैज्ञानिक खेती की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उन्नत प्रजातियों का चयन, गहरी जुताई, बीज उपचार, मृदा परीक्षण, पेड़ी प्रबंधन और रोग-कीट नियंत्रण पर विशेष जोर दिया। साथ ही हार्वेस्टर, ऑटोमैटिक केन प्लांटर, रिंग पिट डिगर, ट्रेंच ओपनर, पेड़ी प्रबंधन यंत्र और सोलर फेंसिंग जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उत्पादन लागत कम करने और उत्पादकता बढ़ाने की सलाह दी।
प्रगतिशील किसानों ने गन्ना कटाई-छिलाई में आने वाली दिक्कतें, जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा, महंगे श्रमिकों की समस्या और बढ़ती उत्पादन लागत जैसे मुद्दे उठाए। अधिकारियों ने इन समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय योजनाओं और सहायता की जानकारी दी तथा किसानों से वैज्ञानिक खेती अपनाने की अपील की।
गोष्ठी में पिपराइच, सरदारनगर, बोदरवार और कप्तानगंज क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने सक्रिय भाग लिया। राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह ने किसानों को क्षेत्र में गन्ना बुवाई बढ़ाने और उन्नत तकनीकों अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादन बढ़ाने से किसानों की आय बढ़ेगी और चीनी मिल की कार्यक्षमता भी मजबूत होगी।















