सतर्क होमगार्ड ने नाकाम की किडनैपिंग की साजिश, एसएसपी ने दिए 10 हजार इनाम

सतर्क होमगार्ड ने नाकाम की किडनैपिंग की साजिश, एसएसपी ने दिए 10 हजार इनाम

गोरखपुर। होमगार्ड की सतर्कता और त्वरित सूझबूझ से एक संभावित अपहरण की साजिश समय रहते नाकाम हो गई। ड्यूटी के दौरान संदिग्ध गतिविधि देख होमगार्ड ने ऑटो रोकने की कोशिश की, तो उसमें सवार दो युवक मौके से भाग निकले। पुलिस ने बाद में दोनों को हिरासत में ले लिया।

घटना 9 मार्च 2026 की है। होमगार्ड विजय प्रताप सिंह को एक ऑटो में सवार लोगों का व्यवहार संदिग्ध लगा। शक होने पर उन्होंने ऑटो को रोकने का प्रयास किया। इसी बीच ऑटो में बैठे दो युवक अचानक कूदकर फरार हो गए।

होमगार्ड ने तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तेज कार्रवाई की। ऑटो चालक को हिरासत में लिया और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य सुरागों की मदद से फरार दोनों युवकों को भी पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार होमगार्ड की सतर्कता के कारण अपहरण की घटना को अंजाम तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया गया। इस सराहनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने होमगार्ड विजय प्रताप सिंह को 10,000 रुपये के नगद इनाम से सम्मानित किया। इस मौके पर एसपी सिटी अभिनव त्यागी भी मौजूद रहे।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि होमगार्ड की यह तत्परता पूरे बल के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी जवानों से अपील की कि वे इसी तरह सतर्क रहें ताकि अपराधियों को कोई मौका न मिले.

Previous articleतहसील प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल: चौरीचौरा-खजनी एसडीएम पर आदेश न मानने का आरोप.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here