डीएम-एसपी ने मुसहरा में ग्रामीणों से की बैठक, होली-रमजान को शांतिपूर्ण मनाने का आह्वान
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने आगामी होलिका दहन, रंगोत्सव तथा रमजान माह को सकुशल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए तहसील मेहदावल के थाना धर्मसिंहवा अंतर्गत ग्राम मुसहरा में प्राथमिक विद्यालय मुसहरा पर ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई और ग्रामीणों से फीडबैक लिया गया।
अधिकारियों ने होलिका दहन स्थल का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी व एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि त्योहारों को परंपरागत तरीके से, भाईचारे और सद्भावना के साथ मनाएं। किसी भी नई व्यवस्था या परंपरा की शुरुआत न की जाए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने ग्रामीणों से सुरक्षा में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक में ग्रामीणों ने विद्यालय की समस्या उठाई कि लगभग 250 बच्चों के लिए मात्र एक शिक्षक और एक शिक्षामित्र कार्यरत हैं। जिलाधिकारी ने तत्काल अतिरिक्त अध्यापक नियुक्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि नियुक्त ग्राम सचिव गांव में नहीं आते या बहुत कम आते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन, मिड-डे-मील की गुणवत्ता और नियमितता को संतोषजनक बताया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मेहदावल संजीव राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदमन सिंह, तहसीलदार मेहदावल अल्पिका वर्मा, थाना प्रभारी, ओएसडी राकेश कुमार सहित ग्रामीण एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।















