नवागत एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कैंट क्षेत्र में किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था परखी
गोरखपुर। जनपद में कार्यभार संभालने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ लगातार सक्रिय मोड में नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने थाना कैंट क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जमीनी जायजा लिया। गश्त के दौरान एसएसपी ने बाजार, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और व्यस्त इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस की तैनाती, यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी कवरेज और आमजन की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की बारीकी से जांच की।
डॉ. कौस्तुभ ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि वे पूरी सतर्कता और सक्रियता के साथ गश्त करें। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित महसूस कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामान्य स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जाए और स्थानीय लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखा जाए।
पैदल गश्त के दौरान एसएसपी ने स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और व्यापारियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों ने एसएसपी की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसी गश्त से जनता में विश्वास बढ़ता है।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी, क्षेत्राधिकारी कैंट योगेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक कैंट संजय सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















