भानपुर तहसील दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, 50 शिकायतों में 4 का मौके पर निस्तारण
बस्ती। भानपुर तहसील सभागार में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने दूर-दराज से आए फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रखा जाएगा और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। तहसील दिवस में कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई की और थाना स्तर पर तत्परता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, एसीएमओ डॉ. अजय कुमार चौधरी, बीएसए अनूप तिवारी, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीपीओ राजेश कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
तहसील दिवस के बाद औचक निरीक्षण
तहसील दिवस समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी ने तहसील भवन और नगर पंचायत भानपुर का औचक निरीक्षण किया। तहसील न्यायालय में उन्होंने वाद से संबंधित प्रकरणों को नियमानुसार शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत भानपुर पहुंचकर उन्होंने आवश्यक रजिस्टरों का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। सीसीटीवी कक्ष का भी निरीक्षण किया और शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने की हिदायत दी।
उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के बारे में विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत ऋचा सिंह सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।















