77वें गणतंत्र दिवस पर रायबरेली पुलिस लाइन में भव्य समारोह
उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने फहराया तिरंगा, पुलिसकर्मियों व समाजसेवियों को किया सम्मानित
रायबरेली। 26 जनवरी को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में 77वें गणतंत्र दिवस का उत्सव पूरे जोश, अनुशासन और देशभक्ति के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग दिनेश प्रताप सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर ध्वजारोहण किया और गणतंत्र दिवस परेड मार्च पास्ट की सलामी ली।
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह द्वारा परेड को शपथ दिलाने के साथ हुई। मंत्री और एसएसपी ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद सभी उपस्थितों को संविधान की प्रस्तावना की सामूहिक शपथ दिलाई गई, जिससे पूरा मैदान राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों की भावना से गुंजायमान हो उठा।
समारोह में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों तथा सामाजिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सम्मानित नागरिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने अतिथिगणों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत-सत्कार किया।
अपने संबोधन में उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, “26 जनवरी गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि गौरव, सम्मान, न्याय, समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का प्रतीक है। यह हमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता और मजबूती के साथ विकास, उन्नति और समृद्धि की राह पर चलने का संकल्प याद दिलाता है। हम विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश होने पर गर्व कर सकते हैं। यह गणतंत्र अनेक ज्ञात-अज्ञात देशभक्तों के बलिदान, कुर्बानी और त्याग के बाद प्राप्त हुआ है।”
मंत्री ने जोर दिया कि देश की आजादी की अक्षुण्णता बनाए रखना हम सबका दायित्व है। उन्होंने कहा, “देश ने हमें अमूल्य धरोहर सौंपी है। हमें अपने कार्यों से गणतंत्र को और खूबसूरत बनाना है। भारत एक युवा राष्ट्र है और विकास का केंद्र युवा वर्ग है। उनकी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग कर हम निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर हैं। आजादी का असली अर्थ जोश और कुछ कर गुजरने की इच्छा के साथ कार्य करना है।”
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के त्याग, बलिदान और रचनात्मक कार्यों को याद करते हुए कहा कि इन प्रेरणाओं से देश और समाज प्रगति की ओर बढ़ रहा है, जिसे निरंतर बनाए रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों की मंत्री और अन्य अतिथियों ने खुलकर सराहना की।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश अमित पाल सिंह, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अमृता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नवीन चंद्रा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, पुलिसकर्मी, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।















