सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम: जनपद स्तरीय प्रतियोगिता सम्पन्न, विजेताओं का चयन
संतकबीरनगर। बृहस्पतिवार को परिवहन विभाग, संतकबीरनगर के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद में जनपद स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जनपद संतकबीरनगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के लिए राजकीय महाविद्यालय, खलीलाबाद के प्राचार्य प्रो. आशाराम को जनपद नोडल अधिकारी तथा असिस्टेंट प्रोफेसर-अर्थशास्त्र डॉ. रोहित कुमार राय को जनपद संयोजक नामित किया गया है।
शासन के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में भाषण, रील एवं नुक्कड़ नाटक की एकल एवं समूह श्रेणियों में महाविद्यालयों से प्रथम स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अंशिका मिश्रा, राजकिशोर दूबे, संजय, आर्यन, विजय यादव, संध्या विजयी रहे।
विजेता छात्र-छात्राओं को नगद धनराशि के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा तथा प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतियोगियों को मंडल एवं राज्य स्तर पर प्रतिभाग का अवसर प्राप्त होगा।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने की। कार्यक्रम का संचालन जनपद संयोजक डॉ. रोहित कुमार राय द्वारा किया गया।
इस अवसर पर लेखाधिकारी एआरटीओ कार्यालय सतेन्द्र सिंह, डॉ. दिप्शी सिंह, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. फक्रे आलम, डॉ. संतोष चंद, डॉ. बिरज पांडे, डॉ. नीलकमल, डॉ. विद्या भूषण, डॉ. विजय बहादुर, सरवन कुमार कुशवाहा सहित प्रोफेसर एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।















